Sunday, August 9राष्‍ट्रोक्ति
Shadow

उपेक्षित भिलंगना घाटी के खतलिंग जैसे पावन सिद्धपीठ और दुर्गम स्थल को पांचवें धाम के रूप में मिले मान्यता

इंद्रमणि बडोनी को समर्पित 40वाँ ऐतिहासिक खतलिंग हिमालय जागरण महोत्सव सम्पन्न

राष्‍ट्रोक्ति वेब डेस्‍क : भिलंगना घाटी अध्यात्म के साथ प्राकृतिक सौंदर्य से युक्त है और विराट व्यक्तित्व स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी जी की कर्मभूमि है। खतलिंग जैसे पावन सिद्धपीठ और इस उपेक्षित घाटी के दुर्गम स्थल को पांचवें धाम के रूप में मान्यता भी मिलनी चाहिए और यहां के ठोस विकास के लिए विशेष प्रयास होने चाहिए। यह विचार श्री नवजीवन आश्रम इंटर कॉलेज घुत्तू में 40 वां ऐतिहासिक खतलिंग हिमालय जागरण महोत्सव के अवसर पर मुख्य अतिथि रूप में पधारे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह श्री दिनेश सेमवाल ने रखे। उन्‍होंने कहा कि पर्वतीय लोकविकास समिति जैसी संस्थाएं सामूहिक चेतना के माध्यम से और सबका सहयोग लेकर हमारी दुर्गम घाटियों के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और सामाजिक जागरण के ऐसे अभियानों को गतिमान कर रही हैं, यह अभिनंदनीय प्रयास है।

आपको बता दें कि देवभूमि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले की भिलंगना घाटी में पहाड़ के गांधी हिमालय गौरव इंद्रमणि बडोनी जी द्वारा प्रवर्तित ऐतिहासिक खतलिंग महायात्रा इस वर्ष 14 सितम्बर से 18 सितम्बर 2024 को भगवती जगदंबा और सोमेश्वर देवता की डोलियों के साथ खतलिंग महादेव दर्शन यात्रा समिति के नेतृत्व में संपन्न हुई।

भिलंग के गांवों और गंगी गांव के श्रद्धालुओं सहित देशभर से पहुंचे डेढ़ सौ से अधिक श्रद्धालु खतलिंग महायात्रा में सम्मिलित हुए। यात्रा की समाप्ति पर 19 सितम्बर 2024 को स्वर्गीय बडोनी जी द्वारा स्थापित श्री नवजीवन आश्रम इंटर कॉलेज घुत्तू में पर्वतीय लोकविकास समिति और भिलंगना क्षेत्र विकास समिति द्वारा स्थानीय समितियों के सहयोग से 40 वां ऐतिहासिक खतलिंग हिमालय जागरण महोत्सव आयोजित किया गया। समारोह का उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चार और इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। श्री नवजीवन आश्रम इंटर कॉलेज, घुत्तू के प्रबंधक श्री भरत सिंह गुसाईं और प्रधानाचार्य श्री नारायण लाल शाह ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत सत्कार किया।

समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड के प्रांत कार्यवाह श्री दिनेश सेमवाल थे और समारोह की अध्यक्षता शीर्ष समाजसेवी, पर्वतीय लोकविकास समिति के संरक्षक और भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के कार्यसमिति सदस्य श्री वीरेन्द्र दत्त सेमवाल ने की।

समारोह में विषय प्रवर्तन करते हुए पर्वतीय लोकविकास समिति के अध्यक्ष और खतलिंग हिमालय जागरण महायात्रा के संयोजक प्रो. सूर्य प्रकाश सेमवाल ने कहा कि खतलिंग महादेव दर्शन यात्रा समिति के नेतृत्व में इस वर्ष की खतलिंग महायात्रा के उपरांत यह 40 वां ऐतिहासिक खतलिंग महायात्रा महोत्सव स्वर्गीय बडोनी जी के पांचवां धाम खतलिंग के विचार दर्शन और विजन को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है। वर्ष 2015 से दिल्ली से खतलिंग हिमालय जागरण महायात्रा को संचालित करना भिलंगना घाटी के युवाओं और मातृशक्ति को खतलिंग के प्रति जागृत और आकृष्ट करने की हमारी पहल को इस वर्ष हमारी मातृशक्ति और युवाशक्ति ने साकार करके दिखाया है,अब यह अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए शीर्ष समाजसेवी एवं भाजपा उत्तराखंड प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य श्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल ने कहा कि बाबा बूढ़ाकेदार से लेकर मासरताल, सहस्रताल, खतलिंग और पंवाली संपूर्ण क्षेत्र पांचवां धाम ही है और हम केंद्र सरकार से लेकर राज्य सरकार तक के माध्यम से इसके विकास के लिए प्रयत्नशील हैं। पर्वतीय लोकविकास समिति विगत 2 दशक से इन दुर्गम घाटियों के विकास और 10 वर्ष से दिल्ली से स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी जी की खतलिंग यात्रा को चलाकर स्थानीय जनता को जोड़ने के लिए जो प्रयास कर रही है,आज उसके अच्छे परिणाम प्रत्यक्ष दिख रहे हैं।

समारोह में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में इंद्रमणि बडोनी स्मृति कला मंच के अध्यक्ष एडवोकेट लोकेंद्र जोशी,इंद्रमणि बडोनी जी के निकट सहयोगी और श्री नवजीवन आश्रम इंटर कॉलेज,घुत्तू के पूर्व प्रधानाचार्य श्री बालकृष्ण नौटियाल,भारतीय स्टेट बैंक घुत्तू के प्रबंधक श्री अभय कुमार दास,वन विभाग के रेंजर श्री सुरेन्द्र दत्त,पूर्व प्रधानाचार्य श्री भरत सिंह नेगी,चंद्रेश्वर महादेव सिद्धपीठ के स्वामी सोमनाथ जी और शिक्षाविद् श्री बचल सिंह रावत मौजूद रहे तो विशिष्ट अतिथि रूप में व्यापार मंडल घुत्तू के अध्यक्ष विजय उनियाल और गंगी के पूर्व ग्राम प्रधान श्री नयन सिंह राणा उपस्थित रहे।

सारथी संगठन के सहयोग से आयोजित अंतर्विद्यालय प्रतियोगिताओं में निबंध, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता के प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विभिन्न स्कूल के छात्रों को नकद पुरस्कार, प्रतीक चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में इस क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र- छात्राओं ने जीतू बगड़वाल, माधो सिंह भंडारी, सोमेश्वर देवता और बोल्या राजा पर केंद्रित शानदार नृत्य नाटिकाएं प्रस्तुत की। इन प्रतिभावान प्रतिभागी छात्र- छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी जी के साथ सहयात्री रहे और उनके विचार को आगे बढ़ाने वाले महानुभावों को हिमालय गौरव इंद्रमणि बडोनी सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रमुख व्यक्तियों में सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. चंदन सिंह चौहान, वरिष्ठ नागरिक श्री सत्य प्रसाद पैन्यूली, श्री बच्ची राम तिवारी, जनता हाईस्कूल बुगीलाधार के प्रधानाचार्य श्री कमलनयन सेमल्टी, वरिष्ठ पत्रकार श्री तेजराम सेमवाल, पूर्व सैनिक श्री कमल सिंह रौथान, डॉ.विनोद उनियाल, समाजसेवी श्री अव्वल सिंह भंडारी, शिक्षक और कथाव्यास श्री गिरिजानंद भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता श्री समन सिंह धनाई, शिक्षक श्री विनोद लाल शाह, वरिष्ठ नेता श्री गोविंद राम बडोनी, चर्चित पत्रकार शैलेन्द्र रावत, डॉ. जयदेव पैन्यूली, चंडीगढ़ से यात्रा में शामिल श्री पूर्ण सिंह रौथान, सामाजिक कार्यकर्ता श्री सोहन लाल रतूड़ी, पत्रकार पंकज भट्ट, श्री वचन सिंह राणा, जिला पंचायत प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता श्री भजन रावत, शिक्षक श्री कुलदीप फोंदणी और सामाजिक कार्यकर्ता श्री शूरवीर सिंह रावत शामिल हैं।

पर्वतीय लोकविकास समिति के राष्ट्रीय सांस्कृतिक सचिव कवि वीर सिंह राणा और राइजिंग सन पब्लिक स्कूल के निदेशक श्री राजेंद्र सिंह चौहान ने समारोह का संचालन किया।

भिलंगना क्षेत्र विकास समिति के महासचिव श्री शिव सिंह राणा एवं पर्वतीय लोकविकास समिति की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष श्री बद्री सिंह रौथान ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

(विपिन थपलियाल / बीर सिंह राणा)