Sunday, August 9राष्‍ट्रोक्ति
Shadow

पाकिस्तान को एक और झटका, भारत ने डाक और पार्सल सेवाओं पर लगाई रोक

राष्‍ट्रोक्ति वेब डेस्‍क

भारत सरकार ने पाकिस्तान से आने वाली सभी प्रकार की डाक और पार्सल सेवाओं के आदान-प्रदान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय हवाई और स्थलीय दोनों मार्गों पर लागू होगा। इसके अतिरिक्त, भारत ने पाकिस्तान के विरुद्ध कई अन्य महत्वपूर्ण कदम भी उठाए हैं, जिनमें पाकिस्तान से सभी प्रकार के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध तथा पाकिस्तानी ध्वज वाले जहाजों के भारतीय बंदरगाहों में प्रवेश पर रोक शामिल है।

भारत ने आज राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के मद्देनजर पाकिस्तान से सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है. एक सरकारी आदेश के अनुसार, इस कदम से पाकिस्तान से भारत में माल की सभी आवक पूरी तरह से बंद हो जाएगी। पिछले साल अप्रैल से इस साल जनवरी तक भारत का पाकिस्तान को निर्यात 44.76 करोड़ डॉलर रहा, जबकि आयात केवल 4.2 लाख डॉलर था।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने दो मई को एक अधिसूचना जारी की, जिसमें बताया गया कि विदेश व्यापार नीति (एफटीपी) 2023 में एक नया प्रावधान जोड़ा गया है। इस प्रावधान के तहत पाकिस्तान में निर्मित या वहां से निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात और पारगमन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है।

इसमें उल्लेख किया गया है कि यह प्रतिबंध राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के दृष्टिकोण से लगाया गया है. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस प्रतिबंध के किसी भी अपवाद के लिए भारत सरकार की अनुमति आवश्यक होगी। एफटीपी में ‘पाकिस्तान से आयात पर प्रतिबंध’ शीर्षक के तहत कहा गया है कि पाकिस्तान से आयात या निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात या पारगमन, चाहे वह स्वतंत्र रूप से आयात योग्य हो या अन्यथा अनुमति प्राप्त हो, तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगा।