
राष्ट्रोक्ति वेब डेस्क :
24 अक्टूबर 2024 को ओडिशा और पश्चिम बंगाल से टकराएगा चक्रवात ‘दाना’
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चक्रवात ‘दाना’ के कारण बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र को लेकर चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार 23 अक्टूबर तक इसके एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की पूरी संभावना है। यह तूफान 24 अक्टूबर को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर दस्तक दे सकता है । संभावना यह भी है कि चक्रवात ‘दाना’ इन राज्यों में कम से कम तीन-चार दिनों तक भारी बारिश लेकर आएगा। वहीं तटीय क्षेत्रों के मछुआरों को इस सप्ताह समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है क्योंकि तूफान की स्थिति गंभीर हो सकती है। चक्रवात की गंभीर स्थिति को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से ओडिशा राज्य सरकार ने 23 से 25 अक्टूबर तक राज्य के 14 जिलों में स्कूल और कॉलेज को बंद करने का शासनादेश जारी कर दिया है, जिसके अन्तर्गत गंजम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रापाड़ा, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकानाल, जाजपुर, अंगुल, खोरदा, नयागढ़ और कटक के क्षेत्र शामिल हैं।
नमो भारत दिवस: भारत के पहले RRTS परिचालन का एक वर्ष पूरा
नमो भारत ट्रेन संचालन की पहली वर्षगांठ नई दिल्ली में ‘नमो भारत दिवस’ के रूप में मनाई गई । नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया! इस समारोह के दौरान उन उत्कृष्ट कर्मचारियों को पुरस्कार दिए गए जिन्होंने नमो भारत पहल की सफलता में योगदान दिया। वर्तमान में परिचालित गलियारा 42 किलोमीटर में फैला है और इसमें नौ स्टेशन शामिल हैं। RRTS की सेवा का विस्तार 54 किलोमीटर तक होगा, जो आनंद विहार और न्यू अशोक नगर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों को जोड़ेगा। 82 किलोमीटर लंबा ट्रेक का कार्य जून 2025 तक पूरा हो जाएगा । इस सुविधा से यात्री दिल्ली से मेरठ तक एक घंटे से भी कम समय में यात्रा कर सकेंगे।
पाकिस्तान के अगले सुप्रीम कोर्ट चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति याह्या अफरीदी होंगे
पड़ोसी देश पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के तीन सबसे वरिष्ठ न्यायाधीशों में से अगले चीफ जस्टिस को नामित करने के लिए एक विशेष संसदीय समिति की बैठक का आयोजन हुआ । इस बैठक में समिति ने अगले चीफ जस्टिस के रूप में न्यायमूर्ति याह्या अफरीदी के नाम पर अंतिम मुहर लगाई। जिसके बाद कानून मंत्री आजम नजीर तरार ने कहा कि दो तिहाई बहुमत के साथ न्यायमूर्ति अफरीदी का नामांकन प्रधानमंत्री को भेज दिया गया है।
IMF ने भारत की जीडीपी ग्रोथ वित्त वर्ष 2025 में 7% रहने का जताया अनुमान
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत के लिए अपने विकास अनुमानों को उसी पोजिशन पर बनाए रखा है, जो FY25 में अर्थव्यवस्था के 7% और FY26 में 6.5% की वृद्धि का पूर्वानुमान लगाया गया है। IMF की रिपोर्ट के अनुसार, महामारी के बाद की मांग, जो पहले से रुकी हुई थी, अब काफी हद तक समाप्त हो गई है। ऐसे में अब अर्थव्यवस्था अपनी संभावित विकास गति के अनुरूप चल रही है। यह स्थिर दृष्टिकोण वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत की मजबूती को सुदृढ़ करती है।
पेटीएम अब नए UPI यूजर्स जोड़ सकेगा, मिली मंजूरी
हाल ही में पेटीएम को भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) से नए UPI उपयोगकर्ताओं को जोड़ने की मंजूरी मिल गई है, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने जो नौ महीने का प्रतिबंध लगाया था अब वह खत्म हो गया है। इस फैसले के बाद एक बार फिर पेटीएम के UPI लेनदेन की मात्रा बढ़ने और इसके बाजार में स्थिति को मजबूत करने की उम्मीदें बढ़ गईं हैं। वहीं पेटीएम के शेयरों में भी उछाल की उम्मीद जताई जा रही है। जनवरी 2024 में, RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) पर नए UPI उपयोगकर्ताओं को जोड़ने पर रोक लगा दी थी। इसके कारण कंपनी की UPI बाजार हिस्सेदारी 13% से घटकर 7% हो गई थी।
