
आयुष मंत्रालय में मनाया जा रहा है हिंदी पखवाड़ा
राष्ट्रोक्ति वेब डेस्क : हिंदी पखवाड़े के तहत आयुष मंत्रालय के कौटिल्य सभागार में राजभाषा समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में आयुष मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों से प्रतिभाग करने के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों को आमंत्रित किया गया था।
इस समारोह में दो सत्रों में प्रतिभागियों को हिंदी भाषा राजभाषा और राजभाषा संसदीय निरीक्षण प्रश्नावली की तैयारी विषय पर सघन जानकारी पर प्रतिभागियों ने रुचिपूर्वक व्यवहारिक काम को समझा।
समारोह के आरंभ में आयुष मंत्रालय में उपनिदेशक (राजभाषा) श्रीमती पूर्णिमा बोस ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर श्री सुबोध कुमार, निदेशक (भा.प्र.से.) ने राजभाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राज काज की भाषा ऐसी होने चाहिए जिसके माध्यम से हम सरकार के दृष्टिकोण अथवा योजनाओं को आम नागरिक तक पहुंचा सकें। किसी देश की भाषा केवल पारस्परिक संपर्क के लिए ही नही बल्कि संस्कृति को भी विकसित करती है। हमारी भाषा सरल और सुबोध हो तो लोग आसानी से समझ सकते हैं।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में विषय विशेषज्ञ के रूप में
आकाशवाणी से सेवानिवृत कार्यक्रम अधिकारी (भूतपूर्व राजभाषा अधिकारी (नामित), व पूर्व सदस्य, आयुष्मंत्रालय राजभाषा (हिंदी) तथा हिंदी लेखक पार्थसारथि थपलियाल ने निर्धारित विषय – “हिंदी भाषा : राजभाषा” के अंतर्गत भारत में हिंदी उद्भव और विकास तथा भारतीय संविधान में राजभाषा के प्रावधान, राजभाषा अधिनियम, नियम आदि पर सविस्तार जानकारी दी। प्रतिभागियों ने राजभाषा से संबंधित कई रोचक प्रश्न पूछे और विशेषज्ञ ने उतनी ही रुचि से शब्दों के व्यवहारिक पक्ष की जानकारी दी।
द्वितीय सत्र में आमंत्रित विशेषज्ञ श्री जगदीश राम पोरी निदेशक (राजभाषा) शिक्षा मंत्रालय, का स्वागत किया सहायक निदेशक (राजभाषा) श्री अनिल कुमार ने उनका परिचय कराया श्रीमती पूर्णिमा बोस, उपनिदेशक (राजभाषा) ने। श्री जगदीश पोरी ने राजभाषा हिंदी की संसदीय समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाने वाली प्रश्नावली को तैयार करने के गुर सिखाए। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार में सेवारत निदेशक राजभाषा श्री जगदीश राम पोरी ने व्यापक रूप से निरीक्षण प्रश्नावली के सभी खंडों पर व्यावहारिक जानकारी से समृद्ध दिनांक 20 सितंबर 2024 को सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन उपनिदेशक (राजभाषा) की देखरेख में संपन्न हुआ।
मंच पर श्री अनिल कुमार सहायक निदेशक राजभाषा व हिंदी सलाहकार श्रीमती रमा वर्मा भी उपस्थित थे। मंत्रालय में कार्य कर रहे 16 प्रतिभागियों ने 8 टीमें बनाकर प्रश्नोत्तरी में भाग लिया। इसमें प्रश्नों का चयन उच्चकोटि का था। यह आयोजन बहुत रोचक भी रहा। प्रश्नोत्तरी का संचालन किया वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी श्री अनिल ठाकरे ने।
इस आयोजन में कनिष्ठ हिंदी अनुवादक मनीष कुमार यादव सहित राजभाषा इकाई का पूरा स्टाफ सहयोगी भूमिका में था। इस प्रतियोगिता के पुरस्कार समापन समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
